केदारनाथ में शुरू की मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी
केदारनाथ,। कोका-कोला इंडिया फाउंडेशन आनंदना ने हीलिंग हिमालयाज के साथ मिलकर रुद्रप्रयाग के जिला प्रशासन एवं उत्तराखंड के शहरी विकास विभाग के सहयोग से केदारनाथ में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) की शुरुआत की है। इससे भारत में पर्यावरण की दृष्टि से सबसे संवेदनशील और सर्वाधिक पर्यटकों वाले गंतव्यों में शुमार इस क्षेत्र में स्ट्रक्चर्ड वेस्ट मैनेजमेंट संभव होगा। हिमालयन हार्मनी प्रोजेक्ट के तहत स्थापित यह संयंत्र इस तरह की ऊंचाई पर स्थापित कुछ चुनिंदा एमआरएफ में से एक है। इससे ज्यादा पर्यटन वाले और पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन का बेहतर मॉडल मिलेगा।
केदारनाथ में लंबे समय से कचरा इकट्ठा होने, कचरे के पृथक्करण की सीमित व्यवस्था और क्षेत्र की बनावट की वजह से लॉजिस्टिक्स से जुड़ी चुनौतियां रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए सिर्फ इन्फ्रास्ट्रक्चर की नहीं, बल्कि एक व्यवस्थित और सिस्टम-आधारित नजरिये की जरूरत है। विभिन्न पक्षों के साथ व्यापक बातचीत, शुरुआती आकलन और पूरे इलाके में कचरा इकट्ठा करने के 400 से ज्यादा स्रोतों की डिजिटल मैपिंग की मदद से इस प्रोजेक्ट को तैयार किया गया है। इससे कचरा प्रबंधन के लिए एक ज्यादा व्यवस्थित और असरदार सिस्टम की नींव रखने में मदद मिली है। 3,000 वर्ग फीट में बनाया गया यह एमआरएफ हर दिन तीन टन कचरा प्रोसेस करने की क्षमता रखता है। साथ ही यहां 50 टन तक कचरा स्टोर किया जा सकता है। यह कचरा इकट्ठा करने, उसे अलग-अलग करने और प्रोसेस करने के लिए एक मुख्य केंद्र के तौर पर काम करता है।