Thu. Jul 9th, 2026

घने जंगल से छह दिन बाद लापता युवती सकुशल बरामद

अल्मोड़ा,। रानीखेत क्षेत्र से लापता 28 वर्षीय युवती छह दिन बाद घने जंगल से सकुशल बरामद कर ली गई। लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बीच अल्मोड़ा पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड और वन विभाग के संयुक्त अभियान से युवती की जान बचाई जा सकी। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद छह किलोमीटर तक स्ट्रेचर पर पैदल लाकर एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया।
कोतवाली रानीखेत में बीते तीन जुलाई को गिरीश पुजारी ने सूचना दी थी कि उनकी 28 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ पुत्री एक जुलाई की शाम घर से बिना बताए चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी तथा एसडीआरएफ प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में संयुक्त टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे युवती के मजखाली क्षेत्र से बाहर न जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल और बूबूधाम के आसपास के जंगलों में ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद से लगातार पांच दिन तक सघन सर्च अभियान चलाया गया।
बीते मंगलवार शाम सुंदरखाल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर घने जंगल में युवती सकुशल मिली। पुत्री के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस और सभी रेस्क्यू एजेंसियों का भावुक होकर आभार जताया। स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने भी अभियान में शामिल सभी टीमों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *