Fri. Aug 21st, 2026

देवेन्द्र प्रसाद अध्यक्ष और दिनेश को महामंत्री की जिम्मेदारी, जनसहभागिता से भव्य आयोजन पर जोर

रुद्रप्रयाग, । प्रकृति की मनोहारी वादियों में स्थित देवरिया ताल के समग्र विकास तथा आगामी देवरिया ताल विकास महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा क्षेत्र के विकास और संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से देवरिया ताल विकास महोत्सव उप समिति का गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देवेन्द्र प्रसाद को सौंपी गई, जबकि दिनेश को महामंत्री बनाया गया। समिति में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि महोत्सव की तैयारियों को व्यापक जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि देवरिया ताल क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों तथा लोक कलाकारों को भी पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
पूर्व प्रधान सन्दीप पुष्वाण ने कहा कि देवरिया ताल विकास महोत्सव क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। उन्होंने महोत्सव के दौरान स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के साथ ही पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
नवनियुक्त उप समिति अध्यक्ष देवेन्द्र प्रसाद एवं महामंत्री दिनेश ने कहा कि समिति सभी संबंधित लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर महोत्सव की तैयारियों को गति देगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता की अपील की। बैठक में महोत्सव के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित करने तथा आयोजन को व्यवस्थित, भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर भी चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने देवरिया ताल के विकास, संरक्षण एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
उप समिति में इन्हें मिली जिम्मेदारी
संरक्षक- कुब्जा धर्म्वाण, अध्यक्ष नगर पंचायत
संयोजक प्रीति पुष्वाण, जिला पंचायत सदस्य
सह संयोजक- प्रकाश रावत, महामंत्री त्रिदिवसीय मद्महेश्वर मेला
अध्यक्ष- देवेन्द्र प्रसाद
वरिष्ठ उपाध्यक्ष-बसन्ती रावत, जिला अध्यक्ष गुरिल्ला संगठन
उपाध्यक्ष-सुलेखा त्रिवेदी, सरला रावत, प्रदीप धर्म्वाण, मनवर सिंह नेगी, बलवीर सिंह पंवार, प्रदीप त्रिवेदी, सुलेखा देवी, चन्द्र मोहन उखियाल, नन्दराम सेमवाल, अनीता पुष्वाण एवं मीरा देवी।
सचिव-रविन्द्र पटवाल
सह सचिव- देवेन्द्र रावत
कोषाध्यक्ष- दलवीर रावत
महामंत्री- दिनेश
मीडिया प्रभारी- साक्षी नेगी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *